1
1
रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
6 लाख से अधिक पेंशनधारी खनिकों के हितों को लेकर संगठन ने की चर्चा, पेंशन रिवीजन और ग्रेज्युटी भुगतान की मांग

बिलासपुर। भारतीय कोयला उद्योग से सेवानिवृत्त खनिकों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर बिलासपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के पदाधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। संगठन ने सेवानिवृत्त कोयला कर्मियों के पेंशन, ग्रेज्युटी, चिकित्सा सुविधा और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले अन्य लाभों से जुड़े मामलों के समाधान की आवश्यकता बताई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय कोयला उद्योग से सेवानिवृत्त होकर विभिन्न सीएमपीएफओ योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त करने वाले लोगों की संख्या छह लाख से अधिक है। इसके मुकाबले कोल इंडिया लिमिटेड और सिंगरेनी कोलियरीज में वर्तमान में करीब दो लाख कामगार कार्यरत हैं। संगठन का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पदाधिकारियों ने 1 जनवरी 2017 से 20 लाख रुपये ग्रेज्युटी भुगतान, पेंशन गणना में एसडीए को शामिल करने तथा पेंशन रिवीजन सहित कई मांगों को प्रमुखता से रखा। इसके अलावा पेंशन निर्धारण में गणना संबंधी त्रुटियों से सेवानिवृत्त कर्मियों को आर्थिक नुकसान होने का दावा भी संगठन की ओर से किया गया। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभों में अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के बीच अंतर का मुद्दा भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उठाया गया।
संगठन ने CPRMS (NE) में कथित असमानता और सीएमपीएफओ तथा CPRMS (NE) के ट्रस्टी बोर्ड में सेवानिवृत्त श्रमिकों के प्रतिनिधित्व की कमी को लेकर भी अपनी बात रखी। पदाधिकारियों के मुताबिक, इन विषयों पर कोल इंडिया स्तर पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है।
वहीं, संगठन ने एसईसीएल द्वारा सेवानिवृत्त खनिकों के लिए उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं को अन्य कोयला कंपनियों की तुलना में बेहतर बताया। सेवानिवृत्ति पश्चात लाभ प्रकोष्ठ के गठन को भी सकारात्मक पहल बताया गया, लेकिन साथ ही कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान और उनके हितों से जुड़े मामलों में अभी और सुधार की आवश्यकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष एवं जोनल अध्यक्ष राम अवतार अलगमकर, मंत्री एवं प्रभारी एस.पी. कुन्डू, कार्यसमिति सदस्य भक्तिमय चौधरी, एसईसीएल जोन के जोनल महामंत्री बुद्धि सागर साही, कोषाध्यक्ष योगेश केशर, बृजेश पासवान तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता चंचल मित्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
संगठन ने सेवानिवृत्त खनिकों से अपनी मांगों को लेकर एकजुट रहने और अधिक से अधिक संख्या में संगठन के कार्यक्रमों में भाग लेने का आह्वान किया।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3