1
1
रिपोर्ट: अमित पवार प्रधान संपादक

बिलासपुर। शहर के गुरुनानक चौक (तोरवा) से राजकिशोर नगर तक का मार्ग इन दिनों स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। नगर पालिक निगम द्वारा निर्माणाधीन यह सड़क पिछले तीन महीनों से अधर में लटकी हुई है, जो अब सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ कर रही है।
हादसों को न्योता देती बदहाल सड़क
सड़क निर्माण की कछुआ चाल के कारण आए दिन यहाँ दुर्घटनाएँ हो रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीन दिन पहले ही एक भारी वाहन की चपेट में आने से एक युवक बाल-बाल बचा। सड़क पर उड़ती धूल और जगह-जगह बिखरे गिट्टी-पत्थरों ने दोपहिया वाहन चालकों का चलना दूभर कर दिया है। सबसे गंभीर स्थिति सड़क के बीचों-बीच लगे विद्युत खंभों की है, जो खुलेआम बड़े हादसों को आमंत्रित कर रहे हैं।

प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा आक्रोश
जब ‘खबर ताज़ा’ की टीम ने धरातल पर उतरकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया, तो निवासियों ने एक स्वर में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घोर लापरवाही बरती जा रही है। साथ ही, क्षेत्रीय वार्ड पार्षद द्वारा इस गंभीर समस्या पर ध्यान न दिए जाने से जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। बदहाली का आलम यह है कि लोग अपनी जान हथेली पर रखकर इस मार्ग से गुजरने को मजबूर हैं।
निगम आयुक्त के निरीक्षण के बाद भी स्थिति जस की तस
हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले ही नगर निगम आयुक्त ने स्वयं इस मार्ग का निरीक्षण किया था और दावा किया था कि कार्य जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। लेकिन धरातल पर स्थिति इसके उलट है। अब यह तो समय ही बताएगा कि यह सड़क कब बनकर तैयार होगी या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है।
बड़ा हादसा टला: ‘खबर ताज़ा न्यूज’ की सतर्कता और बिजली विभाग की त्वरित कार्यवाही इसी बीच, शाम 4:30 बजे राजकिशोर नगर में स्मृति वन के सामने एक अनियंत्रित वाहन ने सड़क के बीच स्थित विद्युत खंभे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल झुक गया और 11,000 वोल्ट के हाई-टेंशन तार सीधे सड़क पर आ गिरे। उस वक्त सड़क पर काफी आवाजाही थी, लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई।

मौके पर मौजूद ‘खबर ताज़ा न्यूज’ की टीम ने जनहित और सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल सब-स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया। सूचना मिलते ही विद्युत मंडल के कर्मचारी मौके पर पहुँचे और बिजली काटकर तारों को अलग किया। यदि समय रहते सूचना न दी जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। ‘खबर ताज़ा न्यूज़’ विद्युत मंडल के कर्मचारियों की इस त्वरित सक्रियता के लिए उनका आभार व्यक्त करता है।

बिलासपुर से ‘खबर ताज़ा न्यूज़’ के लिए डी.ओ.पी. अमित बेनर्जी के साथ प्रधान संपादक अमित पवार
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3