1
1
रिपोर्ट: अमित पवार
प्रधान संपादक

बिलासपुर/बेलतरा | बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के लिए रविवार का दिन उपलब्धियों भरा रहा। क्षेत्र में विकास के पहिए को गति देते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने ₹12 करोड़ 16 लाख से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान कोनी डिपो से बहुप्रतीक्षित सिटी बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों का शहर से संपर्क अब और आसान हो जाएगा।
’विकास उत्सव’ में जन प्रतिनिधियों का जमावड़ा
इस भव्य आयोजन में विधायक सुशांत शुक्ला के साथ महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और बिल्हा जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक सहित भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत कोनी बस डिपो से हुई, जहाँ अतिथियों ने सिटी बस को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद विधायक और अन्य नेताओं ने खुद सिटी बस में सफर कर राजकिशोर नगर स्थित हरश्रृंगार सामुदायिक भवन पहुँचकर वहां का लोकार्पण किया।

मोपका को मिला भव्य उद्यान, भाड़ी की 20 साल पुरानी मांग पूरी
क्षेत्र की जनता के लिए आकर्षण का केंद्र मोपका चौक पर बना ‘शहीद दीपक उपाध्याय उद्यान’ रहा। ₹1 करोड़ की लागत से बने इस गार्डन में फाउंटेन और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाओं के साथ लाइटिंग की भी व्यवस्था की गई है। वहीं, भाड़ी ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती कुसमणिलता लक्ष्मी कश्यप ने भावुक होते हुए कहा कि जिस सड़क की मांग पिछले 20 वर्षों से लंबित थी, उसे विधायक सुशांत शुक्ला ने पूरा कर दिखाया है।
इन प्रमुख कार्यों की मिली सौगात:
लोकार्पण: हरश्रृंगार सामुदायिक भवन (₹18 लाख) और शहीद दीपक उपाध्याय उद्यान (₹1 करोड़)।
भूमिपूजन: सीपत-बेलतरा मार्ग से भाड़ी तक सड़क (₹132 लाख), पौसरा-सेलर मार्ग पर खारून नदी में पुल (₹518 लाख), और राजकिशोर नगर से शनि मंदिर तक सड़क चौड़ीकरण (₹417 लाख)।

गुणवत्ता पर विधायक की दो-टूक
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा, “हमारा लक्ष्य बेलतरा को एक आदर्श विधानसभा बनाना है। सरकारी कार्यों में जनता की भागीदारी जरूरी है। यदि कहीं सड़क बन रही है, तो ग्रामीण उसकी गुणवत्ता पर नजर रखें। निर्माण में कमी दिखने पर तुरंत सूचित करें।” वहीं महापौर पूजा विधानी ने सिटी बस सेवा को कोरोना काल के बाद क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत बताया।

अब इन रूटों पर दौड़ेंगी सिटी बसें:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के सुशासन का असर अब सड़कों पर दिखेगा। बसें मुख्य रूप से बिलासपुर स्टेशन से गढ़वट, बेलतरा और रानीगांव के रूट पर चलेंगी, जिससे मोपका, राजकिशोर नगर, साइंस कॉलेज, तिफरा, सकरी और ग्रामीण अंचलों के हजारों यात्रियों को सस्ती परिवहन सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में शंकरदयाल शुक्ला, उमेश गौरहा, जनक देवांगन सहित क्षेत्र के तमाम सरपंच और भाजपा पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3