1
1
रिपोर्ट:
अमित पवार
प्रधान संपादक, खबर ताज़ा

बिलासपुर/रायपुर: कहते हैं हौसला और सही समय पर मिली मदद बड़े से बड़े संकट को टाल देती है। कुछ ऐसा ही हुआ है बिलासपुर के ग्राम भोजपुरी की रहने वाली 11 वर्षीय पीहू कारके के साथ। लंबे समय से दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रही पीहू को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार की ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ योजना ने नई ज़िंदगी दी है। आज पीहू न सिर्फ पूरी तरह स्वस्थ है, बल्कि अपने घर में चहकते हुए सामान्य जीवन जी रही है।
खेलने-कूदने की उम्र में भारी पड़ता था हर कदम
कक्षा छठवीं में पढ़ने वाली पीहू के लिए बचपन की शरारतें और खेल-कूद एक सपना बन गए थे। दिल की बीमारी के चलते उसे शारीरिक गतिविधियों में काफी तकलीफ होती थी। पीहू के पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में जगदलपुर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। परिवार बेटी की हालत को लेकर चिंतित था, इसी बीच रायपुर जिला प्रशासन की पहल ‘प्रोजेक्ट छांव’ (पुलिस परिवार हेतु स्वास्थ्य शिविर) उनके लिए उम्मीद की किरण बनकर आई।
एक हफ्ते के भीतर हुआ सफल ऑपरेशन
शिविर के दौरान ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की विशेषज्ञ टीम ने जब पीहू की जांच की, तो उसकी स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल सत्य साईं हॉस्पिटल, नवा रायपुर रेफर किया गया। अस्पताल के विशेषज्ञों ने पूरी मुस्तैदी दिखाई और महज एक सप्ताह के भीतर पीहू का सफल ऑपरेशन संपन्न हुआ। ऑपरेशन के बाद अब पीहू बिलासपुर स्थित अपने घर लौट चुकी है। वह अब अपनी बहनों और दादी के साथ कैरम खेल रही है और पढ़ाई में भी मन लगा रही है।
मां ने कहा- मुख्यमंत्री ने संवारा हमारी बेटी का भविष्य
पीहू की माता श्रीमती इंद्राणी कारके ने भावुक होते हुए इस सफल इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि ‘प्रोजेक्ट धड़कन’ की मदद से उनकी बेटी को सही समय पर इलाज मिल सका, वरना एक मध्यमवर्गीय परिवार के लिए यह राह आसान नहीं थी। प्रशासन की यह योजना आज कई मासूमों के लिए संजीवनी साबित हो रही है।


अमित पवार
प्रधान संपादक
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3