Popular Posts

अफीम की खेती के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल: बिलासपुर भाजपा कार्यालय का होगा ‘जंगी घेराव’, भारी पुलिस बल तैनात

रिपोर्ट:
अमित पवार
प्रधान संपादक, खबर ताज़ा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता के खेत में करीब 9.50 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर प्रदेश की राजनीति में उबाल है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के आह्वान पर आज, 12 मार्च को न्यायधानी बिलासपुर में कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय का ‘जंगी घेराव’ किया जाएगा।

नशे के संरक्षण का आरोप
कांग्रेस का सीधा आरोप है कि प्रदेश की भाजपा सरकार नशे के कारोबार को संरक्षण दे रही है। दुर्ग में इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित अफीम की खेती होना इस बात का प्रमाण है कि सत्ताधारी दल के रसूखदार लोग प्रदेश के युवाओं के भविष्य को नशे के अंधकार में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर आज शहर और ग्रामीण कांग्रेस कमेटी एकजुट होकर सड़क पर उतर रही है।

पुराने बस स्टैंड पर जुटेंगे दिग्गज
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और (ग्रामीण) अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के नेतृत्व में दोपहर 12:00 बजे भारी संख्या में कांग्रेसी पुराना बस स्टैंड स्थित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के सामने एकत्रित होंगे। यहाँ से एक विशाल रैली और पैदल मार्च की शक्ल में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर कूच करेंगे।

सभी विंग्स को सौंपी गई जिम्मेदारी
इस प्रदर्शन में कांग्रेस के वर्तमान विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व महापौर सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI, सेवादल और आईटी सेल के पदाधिकारियों को बड़ी संख्या में जुटने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदर्शन की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और भाजपा कार्यालय के आसपास बैरिकेडिंग कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब तक इस मामले में संलिप्त सफेदपोशों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट नहीं करती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

अमित पवार (प्रधान संपादक)

अमित पवार
प्रधान संपादक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *