Popular Posts

​विश्व चिंतन दिवस के 100 वर्ष पूर्ण: स्काउट-गाइड्स ने बिलासपुर में दिया एकता और भाईचारे का संदेश

रिपोर्ट:
अमित पवार
प्रधान संपादक, खबर ताज़ा

412

बिलासपुर। भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला संघ बिलासपुर द्वारा विश्व चिंतन दिवस के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ओल्ड कंपोजिट बिल्डिंग स्थित डीईओ कार्यालय के स्काउट विभाग (कक्ष क्रमांक-16) में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के स्काउट-गाइड, रोवर्स और रेंजर्स ने पूरे उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सर्वधर्म प्रार्थना से हुई शुरुआत
कार्यक्रम का आगाज सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें अनुशासन, सेवा और ‘सर्वधर्म समभाव’ की गूंज सुनाई दी। स्काउट-गाइड आंदोलन की मूल भावना को समेटे इस प्रार्थना के जरिए समाज में भाईचारे का मजबूत संदेश दिया गया। इसके पश्चात मुख्य कार्यक्रम कक्ष क्रमांक-6 के सभा हॉल में संपन्न हुआ।

रचनात्मकता और सेवा का सम्मान
इस शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रतिभागियों द्वारा तैयार किए गए स्लोगन, पोस्टर और बैनरों की प्रदर्शनी लगाई गई। युवाओं ने अपनी कला के माध्यम से विश्व शांति, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण जैसे ज्वलंत विषयों पर अपनी सोच साझा की। कार्यक्रम में उन स्काउट-गाइड्स और रोवर्स-रेंजर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस परेड और राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी थीं।

मंच पर मौजूद रहे दिग्गज
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संयुक्त राज्य सचिव श्रीमती बीना यादव रहीं, जबकि अध्यक्षता पदेन जिला आयुक्त (गाइड) श्रीमती सुनीता ध्रुव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक राज्य आयुक्त (स्काउट) श्री विजय कुमार यादव, श्री भूपेंद्र शर्मा और सहायक राज्य आयुक्त (गाइड) डॉ. भारती दुबे मौजूद रहे। वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व चिंतन दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आत्ममंथन और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का दिन है।

इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
आयोजन को सफल बनाने में जिला सचिव सुश्री लता यादव, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) श्री महेन्द्र बाबू टंडन, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) डॉ. पूनम सिंह सहित एल.टी. स्काउट देवब्रत मिश्रा, डॉ. नवनीत कौशिक, शत्रुघन सूर्यवंशी, सूर्यकांत खूंटे और शशांक विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा। गाइडर के रूप में पुष्पा शर्मा, लक्ष्मी बृजवासी, रागिनी चौधरी और डॉ. शीला शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्काउटर-गाइडर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *