1
1

मिर्जापुर (UP) से दबोचे गए पांच आरोपी; 2 किलो सोना और नकदी बरामद, बिलासपुर पुलिस और UP पुलिस का दिखा सटीक तालमेल।

बिलासपुर के राजकिशोर नगर इलाके में हुई करोड़ों की सनसनीखेज ज्वेलरी लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग के कुशल नेतृत्व और छुट्टी पर होने के बावजूद एसएसपी रजनेश सिंह की अभूतपूर्व मॉनिटरिंग ने इस केस को सुलझाने में बड़ी भूमिका निभाई। पुलिस ने उत्तर प्रदेश की सीमा से इस अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड विजय लांबा समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फिल्मी अंदाज में दी थी वारदात को अंजाम
घटना 17 फरवरी की रात की है। महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी जब अपनी कार से घर लौट रहे थे, तब बसंत विहार चौक के पास आरोपियों ने पहले उनकी कार को टक्कर मारी और फिर पिस्तौल की बट व हथौड़ी से हमला कर करीब 2 किलो सोना और 3.50 लाख रुपये लूट लिए। लुटेरे इतने शातिर थे कि उन्होंने वारदात के लिए ‘एक्सीडेंट’ को अपना हथियार बनाया। वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए हैं।

तकनीकी जाल में फंसे शातिर लुटेरे
आईजी रामगोपाल गर्ग ने घटना को चुनौती के रूप में लेते हुए कई विशेष टीमें गठित की थीं। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी उत्तर प्रदेश की ओर भाग रहे हैं।
लीडरशिप का मिसाल: एसएसपी रजनेश सिंह निजी कारणों से कोलकाता प्रवास पर थे, लेकिन वे लगातार फोन के जरिए अधिकारियों के संपर्क में रहे। उनकी रणनीति और अंतरराज्यीय समन्वय का ही नतीजा था कि मिर्जापुर (UP) में नाकाबंदी कर चार लुटेरों को दबोच लिया गया।

मास्टरमाइंड विजय लांबा: देश भर में 70 से ज्यादा केस
पकड़ा गया मुख्य आरोपी विजय लांबा कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ दिल्ली, राजस्थान और यूपी समेत कई राज्यों में 70 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पिछले साल दिसंबर में हुई एक अन्य लूट में भी शामिल था।
गिरफ्तार आरोपियों की सूची:
विजय लांबा (मास्टरमाइंड, दिल्ली)
मोनू उर्फ राहुल (गौतमबुद्ध नगर, UP)
विनोद उर्फ बीनू (कोटा, राजस्थान)
करीम खान (बरेली, UP)
इरफान अली (स्थानीय मददगार, बिलासपुर) – इसे भागने में मदद करने के बदले ₹1.50 लाख मिले थे।

बरामदगी और भविष्य की रणनीति
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 किलो सोना, हथियार और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो व ईको कार बरामद की है। आईजी रामगोपाल गर्ग ने दोटूक शब्दों में कहा है कि ज्वेलरी कारोबारियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है और ऐसे हिस्ट्रीशीटरों की अब विशेष सूची बनाकर निगरानी की जाएगी।
इस पूरे ऑपरेशन में एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह, एएसपी सिटी पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह और प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन समेत एससीसीयू की टीम का विशेष योगदान रहा।

YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3