1
1
1
2
3
रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
बिलासपुर। न्यायधानी में चोरों ने एक बार फिर पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। शहर के एक पॉश इलाके में परिवार के धार्मिक यात्रा पर बाहर होने का फायदा उठाते हुए अज्ञात बदमाशों ने घर के पीछे की विंडो एसी को उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये की नकदी व भारी मात्रा में सोने के आभूषण समेटकर फरार हो गए। घटना की भनक तब लगी जब रात की ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की नजर अपनी जगह से निकली हुई एसी पर पड़ी।
मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गणेश चौक का है। यहां रहने वाले रजनीश सेठ अपने परिवार के साथ बीते 18 जुलाई से ऋषिकेश की यात्रा पर गए हुए हैं। घर की सुरक्षा के लिहाज से परिवार ने रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक एक निजी सुरक्षा गार्ड तैनात कर रखा था।
गार्ड की सतर्कता से हुआ खुलासा
बीती 23 जुलाई की रात को जब सुरक्षा गार्ड अपनी ड्यूटी पर तैनात था, तब उसकी नजर घर के पिछले हिस्से में लगी विंडो एसी पर गई। एसी अपनी जगह से पूरी तरह बाहर खिंची हुई थी। मामला संदिग्ध लगने पर गार्ड ने तुरंत गृहस्वामी रजनीश सेठ को फोन पर इसकी सूचना दी। इसके बाद प्रार्थी ने अपने बेटे और एक परिचित को मौके पर भेजा। घर का दरवाजा खोलकर अंदर जांच की गई तो पता चला कि चोर अलमारी के लॉक खोलकर सारा सामान ले जा चुके हैं।
वीडियो कॉल पर देखा उजड़ा घर
घटना के संबंध में प्रार्थी रजनीश सेठ ने बाहर से ही वीडियो कॉल के जरिए घर के अंदर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अलमारी में लगभग 1.85 लाख से 2.35 लाख रुपये नगद, 15 से 20 तोला सोने के जेवर और कुछ कीमती स्टोन रखे हुए थे। हालांकि, परिवार के शहर से बाहर होने के कारण अभी चोरी गए सामान का सिर्फ प्राथमिक अनुमान ही लगाया गया है। सही और विस्तृत आंकड़े प्रार्थी के वापस लौटने और घर पहुंचने के बाद ही सामने आ सकेंगे।
एसी को बनाया एंट्री पॉइंट, रेकी की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि बदमाशों ने सूने मकान का फायदा उठाते हुए पीछे की खिड़की पर लगी एसी को निशाना बनाया और उसे हटाकर अंदर घुसे। चोरों के सीधे अलमारी तक पहुंचने और आसानी से हाथ साफ करने से यह अंदेशा भी जताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले से ही घर की गतिविधियों की रेकी कर रखी थी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के रास्तों और घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्तों का सुराग मिल सके। परिवार के लौटने के बाद दर्ज होने वाले विस्तृत ब्यौरे के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3