Popular Posts

संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती: बिलासपुर में देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का होगा शुभारंभ

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर, 28 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय कार्यालय के निर्देशानुसार, संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ का आगाज़ 29 जुलाई से 20 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

​श्री कौशिक ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु रविदास महाराज किसी एक वर्ग या समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उन्होंने बताया कि अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर देश भर के मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ के भव्य आयोजन के साथ होगी।

अभियान के प्रमुख चरण और कार्यक्रम:​

कलश वंदन अभियान: इसके तहत गुरु जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) की पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के हर प्रदेश, जिले, मंडल और गांव स्तर तक पहुंचाए जाएंगे।

​समरसता यात्रा: आगामी 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक सचखंड बल्ला (जालंधर) से जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) तक भव्य समरसता यात्रा निकाली जाएगी।

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि गुरु रविदास जी द्वारा दिखाया गया मार्ग ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल संकल्प का आधार है। यह अभियान सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण का एक व्यापक जन-आंदोलन बनेगा। इसका मुख्य उद्देश्य उनके समता, सामाजिक न्याय, मानवता और सेवा के दिव्य संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।​

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष (बिलासपुर शहर) दीपक सिंह, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा और मीडिया सह-प्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *