Popular Posts

बिलासपुर: बलात्कार के फरार आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज, एफआईआर के एक सप्ताह बाद भी गिरफ्तारी न होने से पुलिस कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर:छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में एक सनसनीखेज बलात्कार के मामले में आरोपी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अदालत ने फरार आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। इसके बावजूद, घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज होने के पूरे एक सप्ताह बाद भी पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे पीड़ित युवती और न्याय की मांग कर रहे लोगों के मन में पुलिस की कार्यशैली और ढुलमुल रवैये को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

​सेशन कोर्ट में खारिज हुई अग्रिम जमानत याचिका

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलात्कार के मामले में पिछले कई दिनों से फरार चल रहे आरोपी ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से मंगलवार को स्थानीय सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी। इस याचिका पर सुनवाई के दौरान पीड़िता के अधिवक्ता निखिल शुक्ला ने मजबूती से अपना पक्ष रखते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। मामले की गंभीरता और साक्ष्यों को देखते हुए माननीय न्यायालय ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत के इस फैसले के बाद अब आरोपी पर गिरफ्तारी का कानूनी शिकंजा और अधिक कस गया है।

पीड़िता का आरोप: पुलिस कर रही है आरोपी और उसके परिवार का बचाव​

अदालत से जमानत खारिज होने के बाद पीड़ित युवती ने स्थानीय पुलिस की भूमिका पर तीखे सवाल उठाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पवन मतलानी पिछले एक सप्ताह से लगातार फरार है, लेकिन पुलिस उसे गिरफ्तार करने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।

पीड़िता का यह भी दावा है कि आरोपी पवन अपने परिजनों के लगातार संपर्क में है और इस पूरे घटनाक्रम में उसके माता-पिता और बहन की भी संलिप्तता व सक्रिय भूमिका रही है। पीड़िता ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि जब उसने पहली बार पुलिस से शिकायत की थी, तब पुलिस यह कहकर मामले को टालती रही कि आरोपी ने फिनाइल पी लिया है और वह अस्पताल में भर्ती है। लेकिन जैसे ही औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज हुई, आरोपी अचानक इतना चुस्त-दुरुस्त हो गया कि वह तुरंत भूमिगत हो गया और शातिर तरीके से पुलिस की पकड़ से दूर बना हुआ है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी अब ऊपरी अदालत यानी हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत पाने की फिराक में है, इसलिए पुलिस को बिना किसी विलंब के उसे तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

​यह पूरा मामला बिलासपुर के सरकंडा और सिविल लाइन थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। मूल रूप से अनूपपुर की रहने वाली 21 वर्षीय युवती पिछले तीन वर्षों से बिलासपुर के सिंधी कॉलोनी (स्मार्ट रोड, तिरंगा चौक के पास) किराए के मकान में रहकर निजी नौकरी कर रही है।

पीड़िता के अनुसार, वह अक्सर अपने मोहल्ले में स्थित ‘पवन किराना स्टोर’ पर सामान खरीदने जाया करती थी। दुकान का संचालक पवन मतलानी उस पर बुरी नीयत रखता था। आरोप है कि पवन ने पुष्पा नाम की एक महिला को माध्यम बनाकर युवती के सामने प्रेम का प्रस्ताव रखा। धीरे-धीरे बातों में उलझाकर पवन ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और जल्द ही शादी करने का झूठा वादा किया।

पीड़िता का आरोप है कि शादी का झांसा देकर पवन उसे कभी अपने कमरे तो कभी सरकंडा स्थित ‘न्यू शारदा गेस्ट हाउस’ ले जाता था, जहाँ उसकी मर्जी के खिलाफ पिछले करीब चार महीनों तक लगातार उसका दैहिक शोषण किया जाता रहा। यहां तक कि आरोपी ने युवती का परिचय अपने माता-पिता और परिजनों से भी कराया था, जिन्होंने शुरुआत में इस रिश्ते और विवाह की बात पर सहमति जताई थी, लेकिन बाद में वे अपनी बात से मुकर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *