1
1
1
2
3
रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर | बिलासपुर प्रेस क्लब के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में गुरुवार शाम केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री और बिलासपुर के सांसद तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अपने ज़मीनी राजनीतिक सफर से लेकर बिलासपुर के भविष्य के विकास के ‘ब्लूप्रिंट’ पर विस्तार से चर्चा की।

साधारण शुरुआत से केंद्र की सत्ता तक का सफर
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने अपनी जीवन यात्रा के अनछुए पहलुओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि उनका सफर किसी राजनीतिक घराने से नहीं, बल्कि एक सामान्य ग्रामीण परिवार से शुरू हुआ। एक अकाउंटेंट की नौकरी से शुरुआत कर पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और विधायक बनने के बाद आज वे केंद्रीय मंत्री के पद तक पहुँचे हैं। उन्होंने कहा, “यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि बिलासपुर की जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।”

बिलासपुर के लिए क्या है विकास का रोडमैप?
केंद्रीय मंत्री ने शहर की बुनियादी समस्याओं और भविष्य की परियोजनाओं पर स्पष्टता के साथ अपनी बात रखी:
हवाई सेवा: उन्होंने बताया कि बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 290 एकड़ भूमि उपलब्ध हो चुकी है और नाइट लैंडिंग की सुविधा सुनिश्चित कर दी गई है। इससे भविष्य में हवाई कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा।
रेलवे का आधुनिकीकरण: 58 ट्रेनों के स्टॉपेज बहाल किए गए हैं और ‘अमृत भारत स्टेशन’ योजना के तहत 32 स्टेशनों का कायाकल्प किया जा रहा है। साथ ही, 47 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
ट्रैफिक समाधान: शहर के बढ़ते दबाव को देखते हुए 32 किलोमीटर लंबे बाइपास की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
अरपा और सौंदर्यीकरण: रतनपुर महामाया कॉरिडोर, तालाबों के सौंदर्यीकरण और अरपा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) पर केंद्र और राज्य सरकार मिलकर काम कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। प्रेस क्लब पदाधिकारियों ने मंत्री का स्मृति-चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3