Popular Posts

संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी बिलासपुर की प्रशंसा पांडे

रवाना होने से पहले बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में हुआ सम्मान, प्राध्यापकों ने दी शुभकामनाएं

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। नई दिल्ली स्थित संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने जा रहीं बिलासपुर की प्रशंसा पांडे को उनके महाविद्यालय शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सम्मानित किया गया। संसद भवन के लिए रवाना होने से पहले महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्राध्यापकों ने उनका अभिनंदन कर आगामी कार्यक्रम के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा और डॉ. पूजा शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशंसा पांडे के राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने को महाविद्यालय और बिलासपुर के लिए गौरव का विषय बताया।

प्रशंसा पांडे का चयन 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर अपनी उपलब्धि दर्ज कराई है। पिछले दो वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व करती आ रही हैं।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से उन्हें Youth Icon के रूप में भी सम्मानित किया जा चुका है। इस भूमिका में उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े कई राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है। प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी उन्होंने Youth Icon के तौर पर हिस्सा लिया है।

प्रशंसा पांडे का संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयन उनके युवा नेतृत्व और विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता का परिणाम है। बिलासपुर की एक युवा बेटी का राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना शहर और महाविद्यालय के लिए भी खास उपलब्धि माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *