Popular Posts

बिलासपुर में STF का बड़ा एक्शन: 19 साल से फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रहा बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर:जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और संदिग्धों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। करीब 19 साल से अपनी असली पहचान छिपाकर और फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के सहारे बिलासपुर में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को STF की टीम ने धर दबोचा है। आरोपी के पास से फर्जी पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

​सुबह 5 बजे सूर्य विहार कॉलोनी में दबिश

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 20 दिन पहले सिरगिट्टी थाना क्षेत्र से संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा गया था। उसी दौरान यह संदिग्ध व्यक्ति फरार होने में कामयाब हो गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन तथा नोडल अधिकारी/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती रश्मीत कौर चावला के नेतृत्व में निरीक्षक संजय शिंदे और उनकी टीम (उप निरीक्षक नरेंद्र सिंह, आरक्षक कमल साहू, अभिषेक यादव) लगातार इसकी तलाश में जुटी हुई थी।

24 सितंबर 2026 की तड़के सुबह करीब 5 बजे टीम ने सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सूर्य विहार कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया।

2005 में आया था भारत, सीपत NTPC में कर रहा था काम

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अतीक हुसैन (उम्र 42 वर्ष), पिता स्व. मोहम्मद हुसैन, निवासी ग्राम नईकहेने, थाना अरैहजार, जिला नारायणगंज, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में स्वीकार की। उसने खुलासा किया कि वह वर्ष 2005 में अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आया था। 2005 से 2007 तक तमिलनाडु में रहने के बाद वह 2007 में बिलासपुर आ गया था। पिछले 19 वर्षों से वह एनटीपीसी (NTPC) सीपत में ‘BECO LIFTS PRIVATE LIMITED’ कंपनी में लिफ्ट मेंटेनेंस का काम कर रहा था।

फर्जी तरीके से बनवाए भारतीय दस्तावेज

तलाशी के दौरान आरोपी के ठिकाने से भारतीय पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और 5वीं कक्षा की अंकसूची जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। आरोपी ने कबूल किया कि ये सभी दस्तावेज उसने गलत और फर्जी तरीके से तैयार करवाए थे।

डिपोर्टेशन की कार्रवाई और दूतावास को सूचना

बिलासपुर पुलिस आरोपी अतीक हुसैन के खिलाफ भारत से निष्कासन (Deportation) की कानूनी प्रक्रिया कर रही है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने तक उसे रायपुर स्थित होल्डिंग सेंटर भेजा जा रहा है। इसके साथ ही नई दिल्ली/कोलकाता स्थित बांग्लादेशी दूतावास को भी मामले की औपचारिक सूचना दी जा रही है।

नागरिकों के लिए टोल-फ्री नंबर जारी

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आस-पास किसी भी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह हो, तो तत्काल इसकी सूचना टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के सहारे रहने वाले तत्वों के खिलाफ यह सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *