Popular Posts

बेलतरा में लगातार दूसरे दिन विकास कार्यों की सौगात, ₹13.94 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन-शिलापूजन और लोकार्पण

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर, 24 सितंबर 2026। बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को रमतला, सेमरताल, सिंघरी, सरवनदेवरी, रानीगांव और लोफंदी ग्राम पंचायतों में कुल ₹13.94 करोड़ की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन, शिलापूजन और लोकार्पण किया गया।

इससे एक दिन पहले क्षेत्र में ₹18.67 करोड़ के विकास कार्यों की शुरुआत की गई थी। लगातार दो दिनों में करोड़ों रुपये के कार्यों की शुरुआत से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, अधोसंरचना और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को गति मिलने की बात कही गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला रहे, जबकि जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने अध्यक्षता की। इस दौरान जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

छह ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्य

रमतला में ₹27 लाख की लागत से 5 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें व्यावसायिक परिसर उन्नयन, प्राथमिक शाला भवन उन्नयन एवं शेड निर्माण, पंचायत भवन के पास अहाता और शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय में शौचालय निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

सेमरताल में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सेमरताल से नवापारा व्हाया आवासपारा तक 1.32 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए ₹1.24 करोड़ की लागत से शिलापूजन किया गया।

सिंघरी में ₹1.33 करोड़ की लागत से 7 विकास कार्यों का भूमिपूजन हुआ। इनमें गौरव पथ, नाली, सीसी सड़क, विद्यालय अहाता और बालिका शौचालय सहित अन्य कार्य शामिल हैं।

सरवनदेवरी में ₹1.20 करोड़ की लागत से 17 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें मुक्तिधाम अहाता, तालाब पचरी, स्कूल प्रार्थना शेड, सांस्कृतिक मंच, आंगनबाड़ी उन्नयन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, नाली और सीसी सड़क जैसे कार्य शामिल हैं।

रानीगांव में ₹6.62 करोड़ की लागत से तीन प्रमुख विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलापूजन किया गया। इनमें बैगीन मंदिर से मुक्तिधाम तक सीसी सड़क और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सामुदायिक शेड निर्माण के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कलमटीकर से भरदैया डीह व्हाया रानीगांव तक 6.50 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है।

वहीं लोफंदी में ₹3.28 करोड़ की लागत वाले 8 विकास कार्यों का भूमिपूजन, लोकार्पण और शिलापूजन किया गया। इनमें सीसी सड़क, सामुदायिक शेड, परमेश्वरी मंच, हाईस्कूल में कंप्यूटर कक्ष एवं लाइब्रेरी, अटल डिजिटल सेवा केंद्र, अतिरिक्त कक्ष, आदिवासी मंच और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत लोफंदी फोकटपारा से नवापारा तक 2.90 किलोमीटर सड़क निर्माण शामिल है।

विधायक सुशांत शुक्ला ने विकास को लेकर कही ये बात

कार्यक्रम के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, महतारी वंदन योजना और खाद्यान्न वितरण जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और डिजिटल सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी।

उन्होंने कहा कि “विकास किसी जाति, धर्म या वर्ग की सीमा में नहीं बंधता” और बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला महामंत्री जनक देवांगन, मंडल अध्यक्ष मनीष कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *