Popular Posts

बिलासपुर को मिली 24 नई अत्याधुनिक डायल-112 वाहन सेवा की सौगात, आपातकालीन सहायता होगी और तेज

रिपोर्ट : अमित पवार प्रधान संपादकखबर ताज़ा न्यूज़

बिलासपुर, 20 मई। आम नागरिकों को त्वरित सुरक्षा और आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में बिलासपुर जिले को 24 नई अत्याधुनिक डायल-112 वाहनों की बड़ी सौगात मिली है। बिलासागुड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने नई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वाहनों के शामिल होने से जिले की पुलिस रिस्पॉन्स प्रणाली और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि डायल-112 सेवा आज संकट के समय आम जनता का सबसे बड़ा सहारा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन अब लोगों तक और तेजी से सहायता पहुंचाएंगे। राज्य सरकार प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाने लगातार प्रयास कर रही है, ताकि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि डायल-112 सेवा जनता के भरोसे का प्रतीक बन चुकी है और संकट के समय लोगों को त्वरित राहत पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही है। वहीं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सूचना मिलते ही टीम लोकेशन ट्रेस कर तत्काल सहायता उपलब्ध कराती है, जिससे लोगों को समय पर मदद मिल रही है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि दुर्घटना, अपराध या आपदा जैसी परिस्थितियों में सबसे पहले पुलिस ही मौके पर पहुंचती है। उन्होंने पुलिस जवानों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर कानून व्यवस्था को और मजबूत करना होगा। विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा कि डायल-112 सेवा ने आम नागरिकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है और पुलिस की संवेदनशील कार्यप्रणाली से लोगों का भरोसा लगातार बढ़ा है। विधायक दिलीप लहरिया ने भी पुलिस विभाग की सक्रियता को सराहनीय बताया।

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि पुलिस विभाग जिस तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है, वह प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि डायल-112 सेवा अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि डायल-112 सेवा अब प्रदेश के सभी 33 जिलों में विस्तारित की जा चुकी है। इसमें पुलिस के साथ फायर और एम्बुलेंस सेवाओं को भी जोड़ा गया है, जिससे लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर त्वरित सहायता मिल रही है। उन्होंने कहा कि कई बार प्रसव जैसी आपात स्थितियों में भी डायल-112 टीम ने समय पर पहुंचकर लोगों की मदद की है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि नई डायल-112 वाहनों के शामिल होने से जिले में आपातकालीन सेवाओं की कार्यक्षमता और बेहतर होगी। वहीं एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि नई वाहनों के जुड़ने से रिस्पॉन्स टाइम में सुधार आएगा और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *