Popular Posts

प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत, शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाना हमारा लक्ष्य: तोखन साहू

बिलासपुर जिला ग्रामीण कार्यशाला में भाजपाइयों ने लिया प्रशिक्षण; बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला व अन्य दिग्गज रहे मौजूद

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी बिलासपुर जिला ग्रामीण की एक दिवसीय महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन आज संपन्न हुआ। पाँच अलग-अलग सत्रों में विभाजित इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को वैचारिक मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने का गुर सिखाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया।

कार्यकर्ता को वैचारिक रूप से परिपक्व बनाना उद्देश्य
उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित दल है। समय-समय पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन इसलिए किया जाता है ताकि कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, इतिहास और विकास के क्रम का सटीक ज्ञान हो। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
​साहू ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 55 करोड़ जनधन खाते, 3 करोड़ से अधिक पीएम आवास और 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन जैसी योजनाएं सीधे तौर पर गरीबों के उत्थान के लिए हैं।

बजट और विकास कार्यों का हो प्रचार: सुशांत शुक्ला
द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र और राज्य सरकार के बजट की बारीकियों की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की स्थापना से लेकर अब तक हुए चहुंमुखी विकास को जनता के समक्ष रखना हर जिम्मेदार कार्यकर्ता का दायित्व है।

32

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
तीसरे सत्र में 7 मार्च से 14 अप्रैल तक होने वाले मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों की तिथि व स्थान की जानकारी साझा की गई। चतुर्थ सत्र में जिला मंत्री प्रणव शर्मा ‘समदरिया’ ने ‘पंच परिवर्तन’ विषय की व्याख्या की, वहीं अंकित गुप्ता ने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग पर प्रकाश डाला। अंतिम सत्र (जिज्ञासा सत्र) में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने कार्यकर्ताओं की शंकाओं का समाधान किया।

​ये रहे उपस्थित
जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल की अध्यक्षता और जिला महामंत्री यश मनहर के संचालन में आयोजित इस कार्यशाला में जनक देवांगन, अवधेश अग्रवाल, उमेश गौरहा, शंकर दयाल शुक्ला, निखिल केशरवानी, राजेन्द्र अग्रहरि, नागेश्वरी साहू, शैल भोई, सरोजिनी भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में मंडल अध्यक्ष व जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।

अमित पवार (प्रधान संपादक)

अमित पवार (प्रधान संपादक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *