1
1
रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
बिलासपुर मुख्य डाकघर में बीमा दावा राशि का भुगतान, दुर्घटना बीमा को बताया परिवार की आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण सहारा
बिलासपुर, 10 अक्टूबर 2026। कम प्रीमियम में लिया गया दुर्घटना बीमा मुश्किल समय में परिवार के लिए बड़ी आर्थिक मदद साबित हुआ। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ली गई दुर्घटना बीमा योजना के तहत दिवंगत डाककर्मी स्वर्गीय श्रीमती अरुणा के नामांकित हितग्राही श्री कृष्णा साहू को ₹5 लाख की बीमा दावा राशि का चेक सौंपा गया।
स्वर्गीय श्रीमती अरुणा पेंड्रा रोड उपसंभाग के सेमरदर्री शाखा डाकघर में कार्यरत थीं। उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा के उद्देश्य से रॉयल सुंदरम जनरल इंश्योरेंस से दुर्घटना बीमा कराया था। इसके लिए उन्होंने महज ₹345 का वार्षिक प्रीमियम जमा किया था। दुर्घटना में उनके निधन के बाद बीमा दावा स्वीकृत होने पर नामांकित हितग्राही को ₹5 लाख की राशि प्रदान की गई।

बिलासपुर मुख्य डाकघर में आयोजित कार्यक्रम में डाक अधीक्षक श्री बी.एल. जांगड़े के मार्गदर्शन में चेक सौंपा गया। इस दौरान उपाधीक्षक श्री रवि कछेर, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सर्किल हेड श्री मिथिलेश सिन्हा, वरिष्ठ प्रबंधक श्री कमल चौहान और रॉयल सुंदरम के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री सौरभ जोशी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के सर्किल हेड श्री मिथिलेश सिन्हा ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुर्घटना जैसी अप्रत्याशित परिस्थितियों में बीमा परिवार को आर्थिक सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नागरिकों से अपने और अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए उपलब्ध बीमा योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।

कम प्रीमियम में बड़ी सुरक्षा का संदेश
इस मामले ने एक बार फिर रेखांकित किया कि कम वार्षिक प्रीमियम पर लिया गया दुर्घटना बीमा संकट की घड़ी में परिवार को आर्थिक संबल दे सकता है। समय रहते बीमा सुरक्षा लेना भविष्य की अनिश्चित परिस्थितियों से निपटने में मददगार साबित हो सकता है।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3