1
1
रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
हफ्ता वसूली के लिए बस एजेंट से की गई मारपीट, बीच-बचाव करने पहुंचे दो साथियों पर भी हमले का आरोप; सरकंडा पुलिस ने तीन आरोपियों को भेजा जेल

बिलासपुर। शहर में बस एजेंट से कथित तौर पर हफ्ता वसूली के लिए मारपीट करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने बस एजेंट से पैसों की मांग की थी। इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दो साथियों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा निवासी 27 वर्षीय शरद कश्यप अंबिका बस क्रमांक CG15-IJ-8093 में बुकिंग एजेंट का काम करता है। 6 अक्टूबर 2026 की रात वह बिलासपुर से अंबिकापुर जाने वाली बस के हिसाब-किताब में व्यस्त था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर चार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पिछले सप्ताह की रंगदारी के पैसे मांगे। शरद के मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान बस के हिसाब के लिए रखे करीब 11 हजार रुपये और मोबाइल नीचे गिर गए। बाद में मोबाइल और कुछ पैसे मिल गए, लेकिन करीब 3,300 रुपये नहीं मिले। शरद के साथियों सैफी गौरी और परवेज ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के दौरान आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
मामले की शिकायत पर सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) और 308(2) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तीन आरोपी गिरफ्तार, चौथे की तलाशमामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तारण निर्मलकर (37), घनश्याम तोण्डे उर्फ छोटू (28) और बाला उर्फ मोन्टू यादव (27), तीनों निवासी तिफरा क्षेत्र, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले का चौथा आरोपी हसन खान अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस की अपील
सरकंडा पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारी वर्ग से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति या गिरोह डराकर अथवा धमकाकर पैसों की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने में दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखने का प्रयास किया जाएगा और ऐसी गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3