Popular Posts

सीजी रास गरबा में दिखेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

11 और 12 अक्टूबर को अशोक नगर में होगा आयोजन, 20 हजार लोगों की क्षमता वाले परिसर में गरबा; सुरक्षा और व्यवस्था संभालेंगे 150 वॉलंटियर्स

बिलासपुर। नवरात्रि के साथ ही शहर में गरबा आयोजनों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सीजी रास गरबा का आयोजन 11 और 12 अक्टूबर को अशोक नगर रोड, बिरकोना बायपास स्थित राज कंस्ट्रक्शन के सामने किया जाएगा। लगातार चौथे वर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को इस बार पहले की तुलना में बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक करीब चार एकड़ क्षेत्र में आयोजन की व्यवस्था की गई है। परिसर की क्षमता लगभग 20 हजार लोगों की है और इसी के अनुरूप पास जारी किए जाएंगे। आयोजन को लेकर बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आयोजक राहुल साहू ने तैयारियों की जानकारी दी।

पार्किंग के लिए अलग व्यवस्था

राहुल साहू ने बताया कि पिछले वर्षों में पार्किंग को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसे देखते हुए इस बार वाहनों के लिए अलग और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है। कार और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, ताकि आयोजन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।

पहले दिन अंकिता सोन, दूसरे दिन पूजा गौर रहेंगी मौजूद

सीजी रास गरबा में दोनों दिन विशेष अतिथियों की मौजूदगी भी रहेगी। आयोजकों के अनुसार 11 अक्टूबर को मिस फेमिना इंडिया छत्तीसगढ़ अंकिता सोन कार्यक्रम में शामिल होंगी। वहीं 12 अक्टूबर को टीवी सीरियल ‘मन की आवाज प्रतिज्ञा’ से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री पूजा गौर गरबा आयोजन में शामिल होंगी।

गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास

आयोजक राहुल साहू ने कहा कि सीजी रास गरबा का उद्देश्य केवल गरबा आयोजन तक सीमित नहीं है। इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और स्थानीय पहचान को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों को छत्तीसगढ़ी पारंपरिक परिधान में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

आयोजन में लाइव बैंड के साथ गरबा होगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में भक्ति और गरबा गीतों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अश्लील या अभद्र गीतों को शामिल नहीं किया जाएगा।

पांच गेट और 150 वॉलंटियर्स संभालेंगे व्यवस्था

बड़ी संख्या में लोगों की संभावित मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल पर प्रवेश और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। करीब 150 वॉलंटियर्स अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालेंगे। आयोजन स्थल पर पांच प्रवेश गेट बनाए गए हैं। महिलाओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन व्यवस्था भी रहेगी।

आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था आयोजन स्थल पर उपलब्ध रहेगी।

ग्रुप, फैमिली और कपल पास की व्यवस्था

आयोजकों के अनुसार सीजी रास गरबा के पास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध होंगे। ग्रुप, फैमिली और कपल पास की व्यवस्था की गई है। पास लेने वाले लोगों को व्हाट्सऐप सहित अन्य माध्यमों से कन्फर्मेशन की जानकारी दी जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि परिसर की निर्धारित क्षमता को ध्यान में रखते हुए ही पास जारी किए जाएंगे। प्रेसवार्ता में अभिलाष पांडे और स्नेहा थवाइत भी मौजूद रहे।

आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार के साथ आयोजन में शामिल होकर गरबा के साथ छत्तीसगढ़ी संस्कृति के इस उत्सव का आनंद लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *