Popular Posts

अपोलो में आयुष्मान से इलाज पर सियासत तेज, अंकित गौरहा बोले—घोषणा नहीं, स्पष्ट आदेश और तारीख बताए सरकार

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। अपोलो अस्पताल में हृदय रोग और डायलिसिस के इलाज को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री के बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व जिला पंचायत सभापति अंकित गौरहा ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने क्षेत्र की जनता को आयुष्मान योजना के तहत इलाज मिलने की उम्मीद दिखाई और अब स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी उसी उम्मीद को आगे बढ़ा रहे हैं।

गौरहा ने कहा कि जनता को अब सिर्फ घोषणाओं और आश्वासनों की जरूरत नहीं है, बल्कि वास्तविक इलाज की सुविधा चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपोलो अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के जरिए हृदय रोग और डायलिसिस जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा शुरू करने जा रही है, तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।

“सरकार बताए, इलाज कब से मिलेगा”कांग्रेस नेता ने मांग की कि सरकार इस संबंध में स्पष्ट शासकीय आदेश जारी करे और यह बताया जाए कि योजना के तहत इलाज किस तारीख से शुरू होगा। इसके साथ ही मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, पात्रता और उपचार की प्रक्रिया की जानकारी भी सार्वजनिक की जाए।

अंकित गौरहा ने कहा कि नेताओं की घोषणाओं और सरकारी फाइलों में योजनाएं जल्द शुरू होती दिखाई देती हैं, लेकिन जब गरीब और जरूरतमंद मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, तो उन्हें वास्तविक सुविधा मिलने के लिए इंतजार करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि सरकार को अब बयानबाजी से आगे बढ़कर जनता को स्पष्ट जवाब देना चाहिए। अगर अपोलो में आयुष्मान योजना के तहत हृदय रोग और डायलिसिस का इलाज शुरू होना है, तो सरकार तारीख और आदेश दोनों सार्वजनिक करे।

गौरहा ने कहा कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए यह महज राजनीतिक घोषणा का विषय नहीं, बल्कि सीधे उनके इलाज और आर्थिक बोझ से जुड़ा मामला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *