Popular Posts

बिलासपुर को ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, ₹827 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड को लेकर केंद्र में तेज हुई पहल

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

नई दिल्ली/बिलासपुर, 29 जुलाई। बिलासपुर शहर को वर्षों से परेशान कर रही ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर बिलासपुर के लिए प्रस्तावित ₹827.20 करोड़ की 4-लेन रिंग रोड परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान तोखन साहू ने कहा कि बिलासपुर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए रिंग रोड परियोजना अब शहर की प्राथमिक आवश्यकता बन चुकी है। प्रस्तावित 4-लेन रिंग रोड NH-130, NH-130A और NH-49 को आपस में जोड़ेगी। इसके निर्माण से भारी मालवाहक वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश कम होगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम बनेगी और नागरिकों को जाम से राहत मिलेगी।

उन्होंने यह भी बताया कि परियोजना से औद्योगिक, व्यावसायिक तथा आवासीय क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा। इससे यात्रा का समय घटेगा, परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी और बिलासपुर के समग्र शहरी एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

तोखन साहू ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR), ट्रैफिक सर्वे एवं ड्राफ्ट एलाइनमेंट तैयार करने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने इन सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर परियोजना को जल्द मंजूरी प्रदान करने का अनुरोध किया।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाने का आश्वासन दिया। माना जा रहा है कि परियोजना के धरातल पर उतरने के बाद बिलासपुर की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा और शहर के आधारभूत ढांचे को भी नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *