Popular Posts

केंद्रीय जेल में सनसनीखेज वारदात: आजीवन कारावास के कैदी ने गैसीफायर भट्ठी में कूदकर दी जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित केंद्रीय जेल में बुधवार को एक दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी जेल परिसर में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती हुई भट्ठी में कूद गया। इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अमले में तुरंत खलबली मच गई।

अचानक हुई घटना, बचाने का मौका नहीं मिला​

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कैदी की पहचान विकेश उर्फ राहुल के रूप में हुई है, जो वर्ष 2014 से केंद्रीय जेल में बंद था। वह एक दोहरे हत्याकांड के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह घटना इतनी अचानक हुई कि वहां मौजूद जेल कर्मियों को संभलने का बिल्कुल मौका नहीं मिला। जब तक कर्मचारी कुछ समझ पाते और मदद के लिए दौड़ते, तब तक कैदी आग की तेज लपटों की चपेट में आ चुका था।

कलेक्टर और एसएसपी ने लिया जायजा, एफएसएल टीम जांच में जुटी​घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) तुरंत केंद्रीय जेल पहुंचे और मौके का मुआयना किया। इसके साथ ही फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी तुरंत मौके पर बुलाया गया, जो फिलहाल घटना स्थल से साक्ष्य जुटाने और बारीकी से जांच करने में जुटी हुई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर किन परिस्थितियों में कैदी ने इतना खौफनाक कदम उठाया।

सुरक्षा व्यवस्था और जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

​बिलासपुर केंद्रीय जेल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान जेल के भीतर विभिन्न कारणों से चार अन्य कैदियों की भी मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है। स्थानीय नागरिकों और परिजनों का कहना है कि जेल के भीतर इस तरह की सुरक्षा चूक बेहद चिंताजनक है।

घटना के बाद जेल परिसर में सुरक्षा और अधिक कड़ी कर दी गई है। अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन का कहना है कि इस मामले की मजिस्ट्रेटी और प्रशासनिक जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *