Popular Posts

बिलासपुर में कल RPI का राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन: केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले करेंगे शिरकत, प्रतिभाओं का होगा ‘गौरव सम्मान’

रिपोर्ट:- अमित पवार संपादक खबर ताजा न्यूज

लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में होगा कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह, सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाली हस्तियों का होगा सम्मान

बिलासपुर। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) छत्तीसगढ़ प्रदेश की ओर से 9 सितंबर 2026 को बिलासपुर में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं गौरव सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम मिशन अस्पताल रोड स्थित लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से आयोजित होगा।

सम्मेलन में पार्टी के प्रदेशभर से कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आमंत्रित अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही पार्टी की विचारधारा और सामाजिक सरोकारों को लेकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।

केंद्रीय राज्य मंत्री एवं RPI (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले के बिलासपुर आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता RPI (आठवले) छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती उषा आफले करेंगी। आयोजन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों द्वारा कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।

कार्यक्रम के समापन के बाद शाम 7:30 बजे से स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया है। आयोजकों ने सभी कार्यकर्ताओं एवं आमंत्रित अतिथियों से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *