Popular Posts

पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य के लिए प्रेस क्लब की बड़ी पहल, अपोलो के साथ हुआ एमओयू

रिपोर्ट:- अमित पवार संपादक खबर ताजा न्यूज

रियायती दरों पर मिलेगी उपचार की सुविधा, जल्द आयोजित होगा मेगा हेल्थ कैंप; कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की तैयारी भी अंतिम चरण में

बिलासपुर, 7 सितंबर। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने वाले पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर बिलासपुर प्रेस क्लब ने महत्वपूर्ण पहल की है। प्रेस क्लब और अपोलो हॉस्पिटल के बीच स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एमओयू साइन हुआ है। इसके बाद प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों और उनके परिजनों को अपोलो में उपचार की सुविधा रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया है।

पत्रकारों के हित में लंबे समय से बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी दिशा में प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के प्रयासों से यह पहल आगे बढ़ी है। एमओयू के तहत पत्रकारों के साथ उनके परिवार के सदस्यों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने की व्यवस्था की जा रही है।

आर्थिक बोझ कम करने की दिशा में कदम

पत्रकारिता से जुड़े कई परिवार सीमित आर्थिक संसाधनों में अपना जीवन यापन करते हैं। ऐसे में गंभीर बीमारी या महंगे उपचार की स्थिति में परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। बड़े चिकित्सा संस्थानों में उपचार का खर्च कई बार पत्रकारों के लिए चुनौती बन जाता है।

प्रेस क्लब और अपोलो के बीच हुआ यह समझौता ऐसे समय में राहत देने वाला कदम माना जा रहा है। रियायती दरों पर उपचार की सुविधा मिलने से पत्रकारों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।

कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस पर भी चल रही बातचीत

पत्रकारों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए प्रेस क्लब की ओर से कॉर्पोरेट हेल्थ इंश्योरेंस की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। बीमा कंपनियों के साथ बातचीत अंतिम चरण में है। प्रस्तावित व्यवस्था में पत्रकारों के साथ उनके परिजनों को भी शामिल किए जाने की योजना है।

यदि यह योजना अंतिम रूप लेती है तो भविष्य में गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक चिकित्सा जरूरत के समय पत्रकारों के परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल की अहम पहल

पत्रकारों के स्वास्थ्य से जुड़ी यह पहल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा के कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल हो गई है। प्रेस क्लब के अनुसार पत्रकार हित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सुविधा के लिए अपोलो प्रबंधन से लगातार चर्चा की जा रही थी। इसी निरंतर प्रयास का परिणाम एमओयू के रूप में सामने आया है।

प्रेस क्लब का कहना है कि पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सुविधा को सुलभ और किफायती बनाना पत्रकार कल्याण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पहल से पत्रकारों के साथ उनके परिवारों को भी सीधे लाभ मिलने की उम्मीद है।

एमओयू के दौरान ये रहे मौजूद

अपोलो के एचआर डिपार्टमेंट में प्रबंधन के साथ हुए एमओयू के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलक राज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार शादाब खान और सैय्यद जफर मौजूद रहे।

पत्रकार हित में नई पहल

बिलासपुर प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को लेकर की गई यह संस्थागत पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्वास्थ्य जांच, रियायती उपचार और प्रस्तावित बीमा सुविधा के माध्यम से पत्रकारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा देने की दिशा में प्रेस क्लब ने एक नई शुरुआत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *