Popular Posts

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में बहतराई स्टेडियम में गूंजा तीजा तिहार का उल्लास

तीजा आस्था, प्रेम और पारिवारिक खुशहाली का पर्व : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

चोरहादेवरी का नाम अब ‘रामदेवरी’, बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा

रिपोर्ट:- अमित पवार संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर, 6 सितंबर 2026। बहतराई स्टेडियम में रविवार को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व तीजा तिहार का रंग देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में आयोजित तीजा मिलन समारोह में बड़ी संख्या में माताएं-बहनें पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। गीत-संगीत, झूले, मेहंदी, भोजन और उपहारों के बीच पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा। बच्चों ने भी विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की माताओं और बहनों की आस्था, प्रेम और पारिवारिक समर्पण से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और पति की दीर्घायु की कामना के साथ श्रद्धापूर्वक यह व्रत रखती हैं। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं में तीजा का विशेष स्थान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की सक्रिय भागीदार बन रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं ड्रोन दीदियां आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वरोजगार से जुड़कर आय अर्जित कर रही हैं। महिलाओं को उद्योगों से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें प्राथमिकता देने के साथ 50 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किए जाने की भी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने की दो महत्वपूर्ण घोषणाएं


कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री की घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीजा को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि यह माताओं और बहनों की आस्था, प्रेम और पारिवारिक समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कमल सखी परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संस्कृति और परंपराओं को सहेजने वाला आयोजन बताया।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि तीजा तिहार छत्तीसगढ़ की संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की माटी और संस्कृति से जुड़ा पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, भावना बोहरा, छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।इस अवसर पर संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

एसईसीएल हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत

तीजा कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का एसईसीएल हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, संभागायुक्त सुनील जैन, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह और जिला अध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बहतराई स्टेडियम में आयोजित तीजा मिलन समारोह में पारंपरिक वेशभूषा, गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों ने आयोजन को खास बना दिया। महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी के बीच तीजा तिहार की खुशियां पूरे स्टेडियम में दिखाई दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *