1
1
1
2
3
रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
बिलासपुर: बिलासपुर प्रेस क्लब के विशेष कार्यक्रम ‘हमर पहुना’ में आज बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। प्रेस क्लब अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान एसएसपी ने जिले की पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और अपने व्यक्तिगत जीवन के सफर को लेकर खुलकर चर्चा की।

अपराधों पर कड़ा प्रहार, 9.5 करोड़ की संपत्ति कुर्कएसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासपुर पुलिस की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता पर रखा गया है। उन्होंने जानकारी दी कि गंभीर अपराधों में लिप्त 22 अपराधियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई है। वहीं, अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 7 आरोपियों की लगभग 9.5 करोड़ रुपये की संपत्ति को जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे का कारोबार और उससे जुड़े अपराध पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं, क्योंकि नशा ही अधिकांश अपराधों की जड़ है।

साइबर सुरक्षा के लिए ‘हमर संगवारी’ का नवाचारपुलिसिंग के सामने वर्तमान में सबसे बड़ी चुनौती साइबर क्राइम है। इस पर एसएसपी ने कहा कि तकनीकी युग में आम जनता को जागरूक करना ही सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण अंचलों में ‘हमर संगवारी’ समूहों के माध्यम से साइबर ठगी से बचने के लिए लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि लोग ठगों के जाल में न फंसे।
ग्वालियर से बिलासपुर तक का सफर
अपने निजी अनुभवों को साझा करते हुए एसएसपी ने बताया कि स्कूली दिनों में एसपी कार्यालय को करीब से देखने के बाद ही उनके मन में खाकी के प्रति आकर्षण पैदा हुआ था। ग्वालियर और सिंगरौली में शिक्षा और रायपुर से एलएलबी करने के बाद वे लोक सेवा आयोग के जरिए पुलिस सेवा में आए। नक्सल क्षेत्रों समेत विभिन्न जिलों में सेवाएं देने के बाद अब वे बिलासपुर में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दुर्ग में पदस्थापना के दौरान 16 डकैती के मामलों का सफल खुलासा करना उनके करियर का एक चुनौतीपूर्ण और महत्वपूर्ण पड़ाव रहा।

युवाओं से की अपील
अंत में, समाज और युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शांति-व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग समाज कल्याण और न्याय के लिए करें, ताकि एक सुरक्षित और आदर्श समाज की नींव रखी जा सके।

कार्यक्रम के अंत में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह-सचिव हरि किशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में शहर के वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3