Popular Posts

बिलासपुर बनेगा हाई-टेक: ‘त्रिनेत्र’ से लैस होगी शहर की सुरक्षा, चप्पे-चप्पे पर रहेगी तीसरी आंख की नजर

रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक

बिलासपुर को अपराधमुक्त और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में प्रशासन और पुलिस ने एक बड़ा और महत्वाकांक्षी कदम उठाया है। जनसहयोग से संचालित होने वाली ‘त्रिनेत्र’ योजना के जरिए अब शहर की सुरक्षा व्यवस्था तकनीकी रूप से और अधिक सुदृढ़ होने जा रही है। तारबहार स्थित एकीकृत कंट्रोल एंड कमांड सेंटर (आईसीसीसी) में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री रजनेश सिंह ने इस योजना की विस्तृत रूपरेखा साझा की।

1000 कैमरों का अभेद्य सुरक्षा कवच

योजना के तहत शहर भर में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से 1000 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों में एएनपीआर (ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन), हाई-रिजोल्यूशन बुलेट और पीटीजेड कैमरे शामिल हैं, जो शहर के मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों की चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे।

अपराध नियंत्रण और यातायात में मिलेगी मददप्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने कहा कि यह परियोजना पुलिसिंग के स्वरूप को बदल देगी। उन्होंने बताया कि इस तकनीक से न केवल संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी, बल्कि यातायात नियमों के उल्लंघन, चोरी, लूट और सड़क हादसों जैसी घटनाओं की रोकथाम में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिलेगी। इसके लिए एक आधुनिक इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम तैयार किया जा रहा है, जहाँ से शहर की हर गतिविधि पर बारीक नजर रखी जाएगी।

जनभागीदारी का अनूठा उदाहरण

त्रिनेत्र सेवा समिति के अध्यक्ष श्री रामावतार अग्रवाल ने इस परियोजना को अनूठा बताते हुए कहा कि यह देश की गिनी-चुनी ऐसी योजनाओं में है, जो पूरी तरह से जनसहयोग और सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के माध्यम से साकार हो रही है। समिति के कोषाध्यक्ष श्री प्रवीण झा ने शहर के व्यापारियों, उद्योगपतियों और प्रबुद्ध नागरिकों से आगे बढ़कर इस सुरक्षा अभियान में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।​

प्रशासन का मानना है कि तकनीक और जनभागीदारी का यह समन्वय बिलासपुर को महिला, बाल सुरक्षा और सुव्यवस्थित शहरी प्रबंधन के मामले में राज्य का एक अग्रणी शहर बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *