1
1
रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताज़ा न्यूज़

बिलासपुर। भारत ने अंडर-18 पुरुष हॉकी एशिया कप 2026 के फाइनल में मेजबान एवं गत चैंपियन जापान को 4-1 से हराकर स्वर्णिम इतिहास रच दिया। इस गौरवशाली जीत में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी (जर्सी नंबर-20) ने भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश और जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

अवि मानिकपुरी , जिनके पिता संजू मानिकपुरी हैं, लंबे समय से हॉकी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते आ रहे हैं। जापान में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए मेजबान टीम को 4-1 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक प्रदर्शन ने पूरे टूर्नामेंट में देश का गौरव बढ़ाया |
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर देशभर में खुशी की लहर है। भारत की इस शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से भारतीय टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के जज्बे, टीम भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।


बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए यह गर्व का क्षण है कि जिले का एक युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विजेता टीम का हिस्सा बना। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि अवि माणिकपुरी की यह उपलब्धि प्रदेश के हजारों युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

भारत की इस जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि देश की युवा हॉकी प्रतिभाएं विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3