Popular Posts

बिलासपुर: चलती कार की छत पर केक काटना और आतिशबाजी करना पड़ा भारी, कोनी पुलिस ने स्कॉर्पियो की जब्त

रिपोर्ट:- अमित पवार, प्रधान संपादक

बिलासपुर: शहर में यातायात नियमों की धज्जियाँ उड़ाकर सोशल मीडिया पर रील (Reels) बनाने का क्रेज अब युवाओं के लिए मुसीबत का सबब बन गया है। कोनी थाना क्षेत्र में चलती कार की छत पर केक काटकर और आतिशबाजी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक युवक पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 मई 2026 की रात्रि को एक काले रंग की स्कॉर्पियो (CG 10 BP 3926) में सवार होकर कुछ युवक-युवतियां रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर निकले थे। इस दौरान वाहन चालक अरविंद सैनी (31 वर्ष, निवासी कुदुदंड) ने चलती गाड़ी की छत पर केक रखा और उसे काटा। इतना ही नहीं, सुरक्षा मानकों को दरकिनार करते हुए चलती गाड़ी पर आतिशबाजी भी की गई।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया। वीडियो में दिख रही लापरवाही और यातायात नियमों के खुले उल्लंघन पर संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने कोनी पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कोनी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उक्त वाहन और चालक को ट्रेस कर थाना बुलाया।

चालक ने स्वीकार की गलती

थाना कोनी में हुई पूछताछ के दौरान चालक अरविंद सैनी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 को जब्त कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर हुड़दंग करने और नियमों को ताक पर रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस चालक और उसकी महिला मित्र के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *