Popular Posts

बिलासपुर नगर निगम का बड़ा कदम: मानसून से पहले ‘युद्धस्तर’ पर शुरू हुई नालों की सफाई, 109 बड़े नाले हुए चकाचक

रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक, खबर ताज़ा न्यूज

बिलासपुर: मानसून के आगमन से पहले शहर में जल-जमाव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर निगम आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर शहर के सभी प्रमुख नाला-नालियों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है। निगम का लक्ष्य बारिश शुरू होने से पहले जल निकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना है।

​दो चरणों में पूरी होगी सफाई की मुहिम

नगर निगम द्वारा इस सफाई अभियान को दो चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण का कार्य वर्तमान में तेजी से चल रहा है, जिसके अंतर्गत अब तक 109 बड़े नालों की सफाई पूर्ण कर ली गई है। शेष 10 नालों पर सफाई कार्य जारी है और निगम का दावा है कि इस सप्ताह के भीतर बचे हुए करीब 16 बड़े नालों को भी साफ कर लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, मानसून की पहली फुहारों से ठीक पहले, दूसरे चरण में सभी नालों की पुनः सफाई की जाएगी, ताकि बारिश के दौरान कहीं भी जल भराव की स्थिति न बने। साथ ही, सभी वार्डों में छोटी नालियों की सफाई का कार्य रूटीन के आधार पर जारी है।

संसाधनों का पूरा इस्तेमाल: 47 मशीनें और 600 से अधिक कर्मी तैनात

इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम ने अपने तमाम संसाधनों को झोंक दिया है। निगम की ओर से कुल 47 मशीनें और 604 सफाईकर्मी इस कार्य में दिन-रात जुटे हुए हैं। निगम के बेड़े में शामिल 9 जेसीबी, 9 पोकलेन, 17 मिनी टिपर, 8 डंपर, 5 ट्रैक्टर ट्राली और 3 ई-रिक्शा के माध्यम से नालों से गाद निकाली जा रही है।

आयुक्त के सख्त निर्देश

निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान शहर का कोई भी नाला जाम नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में रहकर मॉनिटरिंग करने और कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा है, ताकि आम नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *