1
1
रिपोर्ट:
अमित पवार
प्रधान संपादक
बिलासपुर। राजनीति में अक्सर जन्मदिन के अवसर पर बड़े आयोजनों और शक्ति प्रदर्शन की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद मोहन श्रीवास ने इस बार एक नई और प्रेरक परंपरा की शुरुआत की है। पार्षद श्रीवास ने अपना जन्मदिन तड़क-भड़क के बजाय सेवा और समर्पण के साथ मनाया।

मुक्तिधाम परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान
पार्षद मोहन श्रीवास ने अपने जन्मदिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम और लायंस कंपनी के महिला व पुरुष कर्मचारियों के साथ मिलकर मोपका स्थित ‘मुक्तिधाम’ परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान मशीनों का भी सहयोग लिया गया ताकि परिसर को पूरी तरह स्वच्छ बनाया जा सके। सामाजिक सरोकार से जुड़े इस कदम की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है।

निवास पर किया गया सम्मान
श्रमदान के पश्चात पार्षद श्रीवास द्वारा अपने निवास पर सभी सफाई कर्मचारियों का ससम्मान स्वागत किया गया। उन्होंने सपरिवार उपस्थित रहकर सभी कर्मचारियों को तिलक लगाया, उनका अभिनंदन किया और उन्हें स्वल्पाहार कराया। सफाई मित्रों के प्रति इस सम्मान भाव को देखकर कर्मचारी भी भावुक नजर आए।

केक काटने के बजाय सेवा को चुना
इस अवसर पर पार्षद मोहन श्रीवास ने कहा, “अक्सर लोग केक काटकर और उत्सव मनाकर जन्मदिन मनाते हैं, लेकिन मैंने सोचा कि जो साथी कंधे से कंधा मिलाकर मेरे साथ चलते हैं और पूरे वार्ड की स्वच्छता के लिए कड़ी मेहनत करते हैं, उनके साथ यह दिन बिताना अधिक सार्थक होगा। वार्डवासियों और इन मेहनतकश कर्मचारियों के मार्गदर्शन और सहयोग से ही आज का दिन मेरे लिए एक आशीर्वाद बन गया है। मैं सदैव इनका आभारी रहूँगा।”
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3