Popular Posts

सरकंडा में चाचा ने भतीजे पर किया चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट : – अमित पवार सम्पादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने से एक युवक की मौत हो गई। घटना लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक के पास की बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लिंगियाडीह निवासी अमित निषाद और उसके चाचा धनीराम निषाद उर्फ कुदन साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच अमित अपनी एक महिला मित्र को घर लेकर आया था। इसी बात को लेकर चाचा और भतीजे के बीच विवाद शुरू हो गया।

विवाद के दौरान सीने पर किया चाकू से वार

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने पर धनीराम निषाद ने कथित तौर पर सब्जी काटने वाले चाकू से अमित के सीने पर वार कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने आरोपी धनीराम निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। घटना के संबंध में अन्य तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *