1
1
रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
बिलासपुर। राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा देकर 82 लाख 63 हजार 194 रुपये की ठगी करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता बताते हुए बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया था। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सरकंडा थाना क्षेत्र के श्री विहार निवासी चेतन आनंद दुबे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2025 में उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की से हुई थी। महिला ने खुद को राष्ट्रीय पार्टी से जुड़ा हुआ बताते हुए केंद्र और राज्य के बड़े नेताओं से संपर्क होने की बात कही थी।
शिकायत के मुताबिक आरोपी महिला ने पहले प्रार्थी के जमीन विवाद को सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास हासिल किया। इसके बाद उसकी राजनीति में रुचि और रोजगार की स्थिति का हवाला देते हुए राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने तथा पार्टी में ज्वाइनिंग कराने का झांसा दिया गया।

पुलिस का कहना है कि पार्टी फंड और विभिन्न कागजी प्रक्रियाओं के नाम पर प्रार्थी से रकम ली गई। इसके अलावा उसके परिचित सतीश अग्रहरी, अंकित पाण्डेय और डॉ. गायत्री गुप्ता के खातों के माध्यम से भी राशि ली गई। पुलिस के अनुसार अलग-अलग माध्यमों से कुल 82,63,194 रुपये लिए गए।
रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब उसने रकम वापस करने और पार्टी में पद दिलाने के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी महिला ने कथित तौर पर उसे धमकाया। पुलिस के अनुसार महिला ने झूठे महिला संबंधी मामलों में फंसाने की धमकी भी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1376/2026 के तहत धारा 318(4) BNS के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 119(1) BNS भी जोड़ी गई।

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर से गिरफ्तारी
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के झगराखांड और खोंगापानी क्षेत्र में भेजा गया। स्थानीय पुलिस और गवाहों की मदद से आरोपी निखत परवीन शाबरी को उसके निवास स्थान से अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा प्रार्थी से संबंधित दस्तावेज और बायोडाटा जब्त किए गए हैं। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले भी मामले दर्ज होने की बात
पुलिस ने आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार उसके विरुद्ध झगराखांड और सिविल लाइन रायपुर थाने में पूर्व से कई मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2023 में झगराखांड थाने में दर्ज मारपीट, रास्ता रोकने, कथित वसूली/ब्लैकमेलिंग तथा जुआ अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं। इसके अलावा वर्ष 2021 में सिविल लाइन थाना रायपुर में धारा 384 भादवि के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि राजनीतिक पद, प्रभावशाली लोगों से संपर्क या किसी अन्य लाभ का लालच देकर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को देने की अपील की गई है।
पुलिस कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा की गई।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3