Popular Posts

सामान्य सभा में तीखी बहस: मुक्तिधाम के विकास पर पार्षद ने उठाए सवाल, विधायक प्रतिनिधि ने दी मर्यादा में रहकर बात करने की नसीहत

रिपोर्ट : – अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों की चर्चा के बीच वार्ड क्रमांक 47 (मोपका) में मुक्तिधाम के जीर्णोद्धार का मामला गरमा गया। वार्ड पार्षद मोहन श्रीवास ने सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में मुक्तिधाम निर्माण में उपेक्षा का आरोप लगाया, वहीं विधायक प्रतिनिधि शैलेश गोरख ने पार्षद के रवैये पर आपत्ति जताते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए प्रक्रिया होती है, दबाव बनाकर राजनीति करना उचित नहीं है।

एक साल पहले भी उठाया था सवाल, अब तक नहीं हुआ समाधान: पार्षद मोहन श्रीवास​

वार्ड क्रमांक 47 मोपका के पार्षद मोहन श्रीवास ने बताया कि उन्होंने सामान्य सभा में वार्ड 47 व 48 के अंतर्गत आने वाले मुक्तिधाम के उत्थान और जीर्णोद्धार का सवाल उठाया था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि यह प्रश्न वे एक वर्ष पूर्व भी सदन में रख चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस निराकरण नहीं निकल सका।

पार्षद ने कहा कि पूर्व में स्वीकृत 1 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि से मुक्तिधाम की जगह 100/100 का गार्डन बना दिया गया, जबकि मुक्तिधाम में आज भी पानी, शेड और अंत्येष्टि में आने वाले लोगों के बैठने तक की बुनियादी सुविधाएँ नहीं हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस संबंध में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों व एमआईसी सदस्यों के समक्ष अपनी बात रखी, तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उनकी निजी माँग नहीं, बल्कि जनहित और पूरे वार्ड की ज़रूरत है।

​’माँग जायज हो सकती है, लेकिन 5 दिन का अल्टीमेटम और दबाव बर्दाश्त नहीं’:

विधायक प्रतिनिधि​पार्षद के आरोपों का खंडन करते हुए बेलतरा विधायक प्रतिनिधि शैलेश बोदक ने कहा कि सामान्य सभा में शहर के समग्र विकास और जनसुविधाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई है और कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मोहन श्रीवास साथी पार्षद हैं, लेकिन उनका यह कहना कि ‘विपक्ष का पार्षद हूँ इसलिए 5 दिन के भीतर मरघट बनाकर दिया जाए’, पूरी तरह अनुचित है।

विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि क्षेत्रीय विधायक द्वारा राजकिशोर नगर स्थित पुराने मरघट का फंड उपलब्ध कराकर कायाकल्प कराया गया है और चरणबद्ध तरीके से अन्य वार्डों में भी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से निवेदन और तय प्रक्रिया के तहत काम कराया जाता है। केवल अपना नाम चमकाने के लिए विधायक पर व्यक्तिगत आरोप लगाना गलत है। वार्ड में नियमानुसार विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी जारी रहेंगे।

जनता की ज़रूरत पर शुरू हुई सियासत​

मुक्तिधाम जैसी मूलभूत सुविधा को लेकर अब वार्ड और निगम स्तर पर राजनीति गरमा गई है। पार्षद का कहना है कि वे जनता के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, वहीं सत्ता पक्ष का कहना है कि काम तय समय पर ही होगा। अब देखना यह है कि इन दोनों की बयानबाजी के बीच मोपका के बदहाल मुक्तिधाम की सूरत कब तक बदल पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *