Popular Posts

25 साल की जनसेवा को जन-जन तक पहुंचाएगी भाजपा, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी इस बार एक माह तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके तहत बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न सेवा और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के कार्यकाल में सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा के माध्यम से आम लोगों के जीवन में आए बदलाव को जनता तक पहुंचाना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। साथ ही विकसित भारत 2047 के संकल्प को और मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली थी। इसके बाद से पिछले 25 वर्षों में उन्होंने जनसेवा से राष्ट्रसेवा के मंत्र के साथ लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आमजन की सहभागिता से पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में कौशिक ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों के लिए मुफ्त राशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार, शौचालय निर्माण, कोविड टीकाकरण और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहलों से आम लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उन्होंने इन उपलब्धियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक पहचान और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का सम्मान बढ़ा है। कौशिक ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों को देश के 140 करोड़ नागरिकों के प्रयास और सम्मान से जोड़कर देखा जाना चाहिए।

17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में आयोजन


सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर ‘सेवा दिवस’ के रूप में की जाएगी। इसके बाद 17 अक्टूबर तक एक माह के दौरान पार्टी के बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।


भाजपा के अनुसार, अभियान के तहत 12 सूत्रीय कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, जनसंपर्क और जनकल्याण से जुड़े आयोजनों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की अपील की गई है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर, जिला महामंत्री प्रदीप कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी के.के. शर्मा और जिला मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *