Popular Posts

बारिश में बिजली सुरक्षा को लेकर CSPDCL बिलासपुर अलर्ट: करंट से बचाव के लिए जारी की गाइडलाइन, जनता से की सहयोग की अपील

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। मानसून की दस्तक के साथ ही बिलासपुर में बिजली से जुड़ी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) बिलासपुर क्षेत्र ने आम नागरिकों के लिए एक विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने साफ किया है कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर जान-माल की बड़ी क्षति को टाला जा सकता है।

बिजली लाइनों और खंभों से बनाएं सुरक्षित दूरी

​कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अम्बस्थ ने कहा कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मर के आसपास नमी होने के कारण करंट फैलने की संभावना रहती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंधी-तूफान के दौरान यदि कहीं तार टूटा हुआ दिखे, तो उसे न छुएं और न ही उसके करीब जाएं। पानी में न चलें और बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय हमेशा रबर या प्लास्टिक के जूते पहनें।

​ये सावधानियां बचा सकती हैं अनहोनी से

​विद्युत कंपनी ने दुर्घटनाओं से बचने के लिए नागरिकों को इन नियमों का पालन करने की सलाह दी है:​

अनाधिकृत कार्य से बचें: खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली का प्रवाह न करें। ऐसा करना न केवल गैर-कानूनी है, बल्कि जानलेवा भी है।​

छेड़छाड़ न करें: बिजली लाइनों या ट्रांसफार्मर में खराबी आने पर खुद सुधारने का प्रयास न करें। सीधे टोल फ्री नंबर 1912, ‘मोर बिजली एप’ या अपने क्षेत्र के वितरण केंद्र पर सूचना दें।

​हुकिंग और अवैध निर्माण: बिजली लाइनों के नीचे मकान निर्माण न करें और सीधे हुकिंग कर बिजली का उपयोग न करें।​

कपड़े सुखाने के लिए उपयोग न करें: खंभों या स्टे तार पर कपड़े न सुखाएं। सर्विस लाइन कटी-फटी हो तो उसे तुरंत बदलें।

क्या करें यदि कोई करंट की चपेट में आ जाए?​

दुर्घटना की स्थिति में धैर्य न खोएं। सबसे पहले बिजली का मुख्य स्विच बंद करें। यदि स्विच न मिल रहा हो, तो सूखी लकड़ी, रस्सी या सूखे कपड़े का उपयोग करके पीड़ित को तार से अलग करें। इसके बाद उसे सूखी जगह पर लिटाकर प्राथमिक उपचार दें और तत्काल अस्पताल ले जाएं।

उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील

​श्री अम्बस्थ ने बताया कि खराब मौसम में बिजली कर्मियों के लिए फाल्ट ढूंढना किसी युद्ध से कम नहीं होता। अंधेरे और बारिश में कर्मचारी फाल्ट दुरुस्त करने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे धैर्य रखें और बिजली कटौती होने पर 5-10 मिनट प्रतीक्षा करने के बाद 1912 पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने जोर दिया कि सुरक्षा के इन मानकों का पालन कर हम न केवल अपने घरों को रोशन रख सकते हैं, बल्कि अमूल्य जीवन भी सुरक्षित कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *