1
1
1
2
3
रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज
बिलासपुर | बिलासपुर यातायात पुलिस ने शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा और सख्त कदम उठाया है। शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए, यातायात पुलिस अब उन वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रख रही है जो वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करते हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 2,621 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

आईटीएमएस (ITMS) कैमरों से रखी जा रही पैनी नजर
यातायात विभाग ने शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर लगे आईटीएमएस कैमरों की निगरानी और सख्त कर दी है। पुलिस के अनुसार, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग करना न केवल यातायात नियमों (मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 177/184) का उल्लंघन है, बल्कि यह जानलेवा भी साबित हो सकता है। शहर में पिछले एक साल में वाहनों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है; वर्ष 2025 में ही करीब 63,000 नए वाहन सड़कों पर उतरे हैं। वाहनों के बढ़ते दबाव के बीच मोबाइल का उपयोग चालकों का ध्यान भटका रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है।

युवाओं को पुलिस की विशेष चेतावनी
पुलिस द्वारा जारी रिपोर्ट में यह चिंता जताई गई है कि विशेष रूप से युवा वर्ग में कान में एयर बड्स, इयरफोन लगाकर या सीधे मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने की प्रवृत्ति बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि यह लापरवाही न केवल चालक की जान खतरे में डालती है, बल्कि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के परिचालन में भी बाधा उत्पन्न करती है।

‘सुरक्षा पहले’ का मंत्र अपनाएं
यातायात पुलिस बिलासपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की बढ़ती ट्रैफिक व्यवस्था को समझें और यातायात अनुशासन का पालन करें। पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार जागरूक करने के बावजूद यदि नियमों की अनदेखी जारी रही, तो पुलिस की यह कार्रवाई भविष्य में और भी सख्त होगी। यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से सुरक्षा मापदंडों का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय देने का आग्रह किया है।

YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3