Popular Posts

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खूनी खेल: तिहरे हत्याकांड के कैदी ने पत्थर से कुचलकर साथी बंदी की जान ली, जेल महकमे में मचा हड़कंप

रिपोर्ट: अमित पवार, प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर: न्यायधानी की हाई-सिक्योरिटी वाली केंद्रीय जेल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब तिहरे हत्याकांड के एक खूंखार कैदी ने मामूली बात पर पत्थर से वार कर विचाराधीन बंदी की नृशंस हत्या कर दी। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लूडो खेलते वक्त हुआ हमला

घटना सुबह करीब 9 बजे जेल की ई-वन बैरक की है। बताया जा रहा है कि पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत बंद विचाराधीन कैदी नीलू जगत (निवासी दवनपुर, कोटा) बैरक में मौजूद था। इसी दौरान तिहरे हत्याकांड का आरोपी कैदी राजेश राय अचानक वहां पहुंचा और पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में नीलू गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल स्टाफ ने उसे तुरंत सिम्स (CIMS) अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​‘बीमारी’ की बैरक बनी मौत का अड्डा

जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी के अनुसार, आरोपी राजेश राय 2011 से मानसिक रोग से पीड़ित है, वहीं मृतक नीलू को मिर्गी के दौरे आते थे। चिकित्सकीय निगरानी के चलते नियमानुसार दोनों को एक ही विशेष बैरक में रखा गया था, जो अब इस दुखद घटना का केंद्र बन गई।

सजा माफी की अर्जी खारिज होने से था परेशान?

सूत्रों के मुताबिक, राजेश राय और उसके पिता एक हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं। राजेश ने अपनी सजा माफी के लिए आवेदन किया था, जिसे राज्य सरकार ने महज तीन दिन पहले ही खारिज कर दिया था। प्राथमिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि सजा माफी न मिलने के मानसिक तनाव के चलते उसने आपा खो दिया। हालांकि, पुलिस इस एंगल के साथ-साथ पुरानी रंजिश की भी सघन जांच कर रही है कि आखिर उसने नीलू को ही अपना निशाना क्यों बनाया।

सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत पूछताछ के बाद ही पूरी मर्डर मिस्ट्री का खुलासा हो पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *