Popular Posts

ऑटो चालकों पर यातायात पुलिस का बड़ा शिकंजा: एक दिन में 100 से ज्यादा चालान, एक महीने में 1177 पर कार्रवाई

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत केवल एक दिन में 100 से अधिक ऑटो चालकों पर कार्रवाई की गई, जबकि पिछले एक माह में नियमों का उल्लंघन करने वाले 1177 ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।

यातायात पुलिस द्वारा लगातार ऑटो यूनियनों और संगठनों के साथ बैठकें आयोजित कर चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सभी ऑटो चालकों के लिए यूनिफॉर्म पहनना अनिवार्य किया गया है, ताकि उनकी स्पष्ट पहचान हो सके और किसी भी विवाद, दुर्घटना या आपराधिक गतिविधि की स्थिति में चालक की पहचान सुनिश्चित की जा सके।

नशे में वाहन चलाने पर ‘जीरो टॉलरेंस’यातायात पुलिस ने शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर ऑटो चलाने वाले चालकों को कड़ी चेतावनी दी है। पुलिस के अनुसार, ऐसे चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सीधे माननीय न्यायालय भेजा जाएगा। इसके अलावा, अन्य आपराधिक मामलों में भी संलिप्त पाए जाने वाले चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ऑटो चालक संघ का पक्ष

इस मामले को लेकर ई-रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष संजय कुर्रे ने प्रशासन के सामने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि संघ नियमों का पालन करने के पक्ष में है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन उन चालकों पर कार्रवाई करे जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, लेकिन वैध दस्तावेज और यूनिफॉर्म धारण करने वाले चालकों को बेवजह परेशान न किया जाए।

यातायात पुलिस की विशेष अपील

यातायात पुलिस ने सभी ऑटो चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा के मानकों का गंभीरता से पालन करें। विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के साथ यात्रा के दौरान शालीन व्यवहार करें और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी न होने दें। पुलिस की यह कार्रवाई शहर में यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *