1
1
रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक, खबर ताजा न्यूज़
बिलासपुर: साइबर अपराधों के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। इसी कड़ी में, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के विशेष निर्देशानुसार, तोरवा पुलिस ने थाना क्षेत्र के साईधाम कॉलोनी में एक प्रभावी ‘बीट मीटिंग’ का आयोजन किया। इस दौरान ‘साइबर पाठशाला‘ के माध्यम से नागरिकों को आधुनिक साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के व्यावहारिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल्स से रहें सावधान
नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक रजनीश सिंह ने बताया कि वर्तमान में साइबर अपराधी ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे हथकंडों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ठग खुद को पुलिस, सीबीआई, ईडी या आरबीआई अधिकारी बताकर लोगों को डराते-धमकाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी आधिकारिक संस्था वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट नहीं करती है। यदि ऐसा कोई कॉल आए, तो घबराएं नहीं और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस ने जनता को दिए ये अहम सुझाव:
लिंक से रहें दूर: किसी भी अनजान व्हाट्सएप या एसएमएस लिंक पर क्लिक न करें।
निजी जानकारी साझा न करें: बैंक खाता, ओटीपी, या यूपीआई पिन कभी भी किसी अज्ञात व्यक्ति को न बताएं।
स्क्रीन शेयरिंग से बचें: किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल न करें।
तथ्यों की पुष्टि करें: परिवार के किसी सदस्य के मुसीबत में होने का दावा करने वाले कॉल पर तुरंत विश्वास न करें, पहले स्वयं पुष्टि करें।
हेल्पलाइन नंबर 1930: साइबर फ्रॉड का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें।
संवाद से सुलझीं समस्याएं
बीट मीटिंग के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पुलिस अधिकारियों से खुलकर चर्चा की और अपने मन में व्याप्त साइबर सुरक्षा संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। पुलिस की इस पहल का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न बीटों में इसी तरह के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि बिलासपुर के नागरिक सतर्क और सुरक्षित रह सकें।
YouTube: https://youtube.com/@KhabhartazaNews-c4u
Facebook: https://www.facebook.com/share/1QhusXygn2/
Instagram: https://www.instagram.com/khabartaza.news?igsh=cTF5cGUybDEwcjJ3