Popular Posts

सपनों को नई उड़ान: समाधान शिविर में शिवांगी को मिली नोनी सशक्तिकरण योजना की सहायता, खिल उठे चेहरे

रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक, खबर ताज़ा

जीवन में आगे बढ़ने का सपना हर युवा देखता है, लेकिन कई बार आर्थिक परिस्थितियां राह की बड़ी बाधा बन जाती हैं। बिलासपुर के कुड़ूदंड निवासी शिवांगी के साथ भी कुछ ऐसा ही था, लेकिन शासन के ‘सुशासन तिहार’ ने उनके संघर्ष को एक नई दिशा दे दी है।

मंगला में आयोजित समाधान शिविर में शिवांगी को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 20,000 रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई। यह सहायता राशि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह एवं बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला द्वारा उन्हें सौंपी गई।

संघर्ष से सफलता तक का सफर

शिवांगी एक श्रमिक परिवार से हैं। उनके माता-पिता मजदूरी करके किसी तरह परिवार का पालन-पोषण करते हैं। बेहद सीमित आय के कारण कॉलेज फीस, किताबें और अन्य शैक्षणिक खर्चों का प्रबंधन करना उनके लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। शिवांगी बताती हैं कि कई बार उन्हें लगता था कि पढ़ाई अधूरी छोड़नी पड़ेगी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

सपनों को मिला संबल

चेक प्राप्त करने के बाद शिवांगी भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, “यह राशि मेरे लिए केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का नया आत्मविश्वास है। अब मैं अपनी पढ़ाई बेहतर तरीके से जारी रख पाऊंगी।” शिवांगी ने इस संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह योजना श्रमिक परिवारों की बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

शासन की संवेदनशीलता का उदाहरण

सुशासन तिहार‘ के माध्यम से आयोजित समाधान शिविरों में जरूरतमंदों की समस्याओं का त्वरित निराकरण हो रहा है। शिवांगी का मामला यह दर्शाता है कि जब शासन की योजनाएं सही समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचती हैं, तो वे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *