Popular Posts

बिलासपुर: नगर निगम के सब इंजीनियर ने की आत्महत्या; फंदे पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट में तनाव का उल्लेख

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। नगर निगम में पदस्थ सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान ने अपने ही घर में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उनका शव कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और सिविल लाइन थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

कलाई काटने के निशान भी मिले

प्रारंभिक जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे चौंकाने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, फंदे पर झूलने से पहले मृतक ने अपनी कलाई भी काटी थी। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि इस नोट में अमर सिंह चौहान ने अपने मानसिक तनाव और निजी परेशानियों का जिक्र किया है।

हाल ही में हुआ था स्थानांतरण

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सब इंजीनियर चौहान का हाल ही में जगदलपुर ट्रांसफर (स्थानांतरण) हुआ था। चर्चा है कि वे इस तबादले को लेकर काफी समय से मानसिक तनाव में थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह केवल एक पहलू है; वास्तविक कारणों की पुष्टि सुसाइड नोट के सत्यापन और विस्तृत विवेचना के बाद ही हो पाएगी।

पुलिस कर रही साक्ष्यों की जांच

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केवट ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस फिलहाल मर्ग कायम कर इस मामले की जांच कर रही है। परिजनों, मित्रों और संबंधित कार्यालय के सहकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सुसाइड नोट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी जिसने उन्हें यह कदम उठाने पर मजबूर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *