Popular Posts

राजकिशोर नगर में सनसनी: नशेड़ी बेटे ने पिता को बनाया निशाना, संपत्ति हड़पने के लिए गंडासे से किया जानलेवा हमला

रिपोर्ट :- अमित पवार प्रधान संपादक खबर ताजा न्यूज

​बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजकिशोर नगर इलाके में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहाँ एक बिगड़ैल बेटे ने अपने ही पिता को संपत्ति के लिए न केवल प्रताड़ित किया, बल्कि जान से मारने की नीयत से उस पर जानलेवा हमला भी कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटनाक्रम:

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रकाश केसरी, जो कि राजकिशोर नगर के निवासी हैं, ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका बड़ा बेटा विवेक केसरी (34 वर्ष) बेरोजगार है और नशे का आदी है। अक्सर वह घर की संपत्ति को अपने नाम करने के लिए पिता पर दबाव बनाता था।

6 जुलाई की शाम करीब 6:00 बजे विवेक अपनी कार में सवार होकर पिता के घर पहुँचा। संपत्ति के विवाद पर बात शुरू हुई तो उसने पिता के साथ अश्लील गाली-गलौज की और हाथ-मुक्कों से बुरी तरह पीटा। इतने पर भी मन नहीं भरा तो उसने अपने पास रखे लोहे के गंडासे से पिता पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। प्रार्थी ने किसी तरह भागकर और सड़क पर छिपकर अपनी जान बचाई। इस हमले में प्रार्थी की पीठ और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई:मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकंडा पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 1015/2026, धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस (BNS) एवं 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने घेराबंदी कर आरोपी विवेक केसरी को बसंत विहार चौक के पास से हिरासत में लिया।

बरामदगी और गिरफ्तारी:पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई फॉक्स कार (क्रमांक CG-10 BP-220) और लोहे का गंडासा जब्त कर लिया है। आज 7 जुलाई को आरोपी को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *