Popular Posts

बिलासपुर में भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, कार्यकर्ताओं को दिया गया ‘सेवा और समर्पण’ का मंत्र

रिपोर्ट:- अमित पवार प्रधान संपादक

​बिलासपुर: भारतीय जनता पार्टी, जिला बिलासपुर द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का समापन झुलेलाल मंगलम, तिफरा में हुआ। इस कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती, केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने और आगामी कार्ययोजनाओं पर मार्गदर्शन दिया।

जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाएं: उपमुख्यमंत्री

प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि एक भी पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। श्री साव ने प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें इन योजनाओं के लाभ के बारे में आमजन के बीच जाकर चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रति माह के अंतिम रविवार को प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सामूहिक रूप से सुनने का आग्रह किया।

भाजपा के इतिहास और संघर्ष की गाथा

बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने ‘हमारा इतिहास और विकास’ विषय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भारतीय जनसंघ से लेकर आज की भाजपा तक का सफर त्याग और तपस्या का रहा है। उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना से लेकर 1980 में भाजपा के गठन और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में मिली ऐतिहासिक सफलता के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्तमान में मिल रहे निरंतर जनादेश का वर्णन किया।

देश की सुरक्षा और चुनौतियों पर चर्चा

विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भारत की बढ़ती वैश्विक शक्ति का उल्लेख करते हुए देश विरोधी ताकतों और अराजकता फैलाने वाली प्रवृत्तियों के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद और अर्बन नक्सल जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए हमारी नीति कठोर है, जिसके सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं।

बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की शक्ति

प्रदेश आईटी सेल संयोजक सुनील पिल्लई ने बूथ समिति को पार्टी की सबसे निर्णायक इकाई बताया। उन्होंने कहा कि बूथ को सक्रिय रखने के लिए नियमित बैठकें और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करना आवश्यक है। इसके साथ ही, सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

कार्यक्रम में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक अमर अग्रवाल, धरमजीत सिंह, भूपेंद्र सवन्नी, रूपनारायण सिन्हा, जगदीश रामू रोहरा सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *