Popular Posts

बिलासपुर: 25 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पटवारी निलंबित, कलेक्टर ने दिए 7 दिन में आरोप पत्र पेश करने के निर्देश

रिपोर्ट :- अमित पवार संपादक खबर ताजा न्यूज

बिलासपुर। शासकीय राजस्व कार्य के बदले 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगने और लेने के मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया और समाचार पोर्टलों पर वायरल हुए वीडियो की जांच के बाद जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी ऋषिपुरी गोस्वामी पहले पटवारी हल्का नंबर 14 में पदस्थ थे। वर्तमान में उनकी तैनाती तहसील पचपेड़ी के पटवारी हल्का नंबर 05 में थी। वायरल वीडियो के संबंध में तहसीलदार पचपेड़ी ने जांच कर 28 अक्टूबर 2026 को अपना प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। जांच रिपोर्ट में रिश्वत मांगने और लेने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए, जिसके बाद निलंबन का आदेश जारी किया गया।

प्रशासन ने संबंधित पटवारी के कृत्य को सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत और गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना है। आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, कोटा कार्यालय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तहसीलदार पचपेड़ी को संबंधित पटवारी के विरुद्ध आरोप पत्र तैयार कर सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

वायरल वीडियो की जांच के बाद हुई इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में जवाबदेही और सरकारी कामकाज में पारदर्शिता को लेकर प्रशासन के रुख का संकेत मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *